कैसा रहेगा आपका यह सप्ताहः साप्ताहिक राशिफल (10 मई से 16 मई)

मेषः
सप्ताह की शुरुआत आपके लिए बहुत उत्साहवर्धक होगी. किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है. उस मुलाकात के कारण आपको भविष्य में कुछ लाभ होगा और उस कारण आपका आत्मबल बढ़ेगा. आपको कोई अच्छी सूचना मिल सकती है. किसी मंगल उत्सव में शामिल होंगे या उसकी योजना बनेगी. सप्ताह के आरभ में धन का आगमन भी होगा. प्रोफेशनल लोगों एवं व्यापारी बंधुओं को निवेश करते समय बहुत सतर्क रहना है. बहुत आवश्यक न हो तो इस सप्ताह निवेश को टाल लें. नौकरीपेशा लोगों को नौकरी में परिवर्तन जैसे ट्रांसफर आदि का योग है या नई नौकरी में जाने का मौका हो सकता है. उनके लिए परामर्श है कि यह निर्णय इस सप्ताह के लिए किसी तरह टाल लें. विद्यार्थियों ने यदि कोई परीक्षा दी है तो उन्हें अपेक्षित परिणाम मिलेंगे. सप्ताह का अंत बड़े मौज-मस्ती और उमंग में काटने की इच्छा होगी और आप ऐसा कर भी पाएंगे. परिजनों और मित्रों की ओर से सहयोग मिलेगा. विवाहित लोगों को दांपत्य जीवन सुखमय बीतेगा. प्रेम संबंधों में भी प्रगाढ़ता आएगी. कोई यात्रा हो सकती है. आपके लिए समय अच्छा है लेकिन एक बात के लिए आपको सतर्क करना चाहता हूं कि गोपनीयता भंग न होने दें. आपके विरोधियों की गहरी नजर हैं. इसलिए उमंग-उल्लास में बड़बोलापन न आए वरना रंग में भंग पड़ जाएगा. सौभाग्य में वृद्धि के लिए हनुमत आराधना करें और प्रतिदिन राम स्तुति श्रीरामचंद्र कृपाल भजुमन गाएं. यह आपके एप्प में है.
वृषः
बुध मंगल की युति और सूर्य के प्रवेश के कारण शुभ समय है. भाग्य के भाव में चंद्रमा के आने से भाग्य में वृद्धि होगी. कोई पुरानी समस्या यदि आपको परेशान कर रही थी तो उससे राहत मिलेगी और आप स्वयं को बहुत सुकून में महसूस करेंगे. परंतु चंद्रमा के कारण आपमें आलस्य का भाव भी बहुत तेजी से आएगा और शत्रुओं को आप पर हावी होने का असर मिलेगा. इसलिए यदि आलस्य और हर चीज में बहानेबाजी की प्रवृति त्याग सकें तो आपके लिए बहुत अच्छा समय है. सप्ताह के मध्य में विद्यार्थियों के लिए कोई अच्छी सूचना मिल सकती है. यदि घर-मकान की खरीद-बिक्री की कोई योजना चल रही थी तो उसमें अचानक तेजी आएगी. व्यापारियों को सप्ताह के मध्य में कुछ ज्यादा भाग-दौड़ हो सकती है लेकिन धन का आगमन नहीं रूकेगा. सप्ताह के अंत में संतान पक्ष को लेकर बहुत सचेत रहें. खासकर यदि छोटे-बच्चे हैं तो उनका खास ख्याल रखें. कोई चोट-चपेट लग सकती है. यदि अपने निर्णयों में पत्नी से परामर्श करें या व्यापार आदि कार्य में पत्नी को सहभागी बनाकर कुछ योगदान लेते रहें तो लाभ ज्यादा होगा. सौभाग्य में वृद्धि के लिए शिवजी को जल एवं हल्दी चढ़ावें.
मिथुनः
आपके लिए यह सप्ताह मिले-जुले फल वाला रहेगा. कुछ कार्यों में काफी तेजी आएगी जिससे मन प्रसन्न रहेगा तो कुछ कार्यों में बेवजह विघ्न पड़ेंगे तो तनाव होगा. आपके आठवें भाव में चंद्रमा के प्रवेश के कारण मन चंचल रहेगा. रोज नए-नए विचार आएंगे और आपको पुराना विचार बेकार लगेगा. इस कारण अनिर्णय की स्थिति बनने लगी. इससे बचें. आय में वृद्धि तो होगी लेकिन मानसिक तनाव भी साथ-साथ बढ़ेगा. लेन-देन को लेकर कोई विवाद होने की संभावना है. इसलिए उसको लेकर स्पष्ट रहें. नौकरीपेशा लोगों को कुछ अज्ञातभय ट्रांसफर या अधिकारियों के निरीक्षण आदि जैसे कुछ अज्ञातभय परेशान करेंगे परंतु घबराएं नहीं. विद्यार्थियों को सफलता के कुछ नए रास्ते दिखेंगे या वे अपने करियर को ध्यान में रखकर कुछ नए कोर्स आदि चुनने का निर्णय कर सकते हैं. सप्ताह के अंत में आपकी कोई पुरानी इच्छा पूरी हो सकती है या उसके पूरा होने की संभावना बन सकती है. यह बात आपके मन को रोमांचित और प्रसन्न रखेगी. विवाहित लोगों का दांपत्य जीवन अच्छा रहेगा. प्रेम के लिए भी समय अनुकूल है. प्रेम के विवाह में परिवर्तित होने की भी पूरी संभावना है. स्वास्थ्य ठीक-ठाक ही रहेगा लेकिन मानसिक तनाव और पेट की परेशानी हो सकती है. खाने-पीने का ध्यान रखें. सौभाग्य में वृद्धि के लिए गणपति स्तोत्र का प्रतिदिन पाठ करें. यह आपके एप्प में है.
शेष अगले पेज पर…
कर्कः
बृहस्पति के गोचर एवं चंद्रमा की दृष्टि से सप्ताह का आरंभ प्रफुल्लित मन से होगा. किसी अच्छे या शुभ कार्य के निश्चय के साथ सप्ताह की शुरुआत हो सकती है. परिवार में कोई मंगलकार्य की तैयारी हो सकती है. इससे उल्लास का माहौल रहेगा. नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन या बेहतर नौकरी के ऑफर आएंगे जिससे उनका आत्मबल बढ़ेगा और भविष्य की योजनाएं बनाएंगे. सरकार या शासन पक्ष या वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से आपको सहायता मिल सकती है. सप्ताह के मध्य में कोई रूका हुआ धन प्राप्त हो सकता है. प्रोफेशनल कार्यों में जुड़े लोगों को लाभ होगा. प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए समय अच्छा है. सप्ताह के अंत में मान-सम्मान में वृद्धि होगी. विदेश यात्रा का भी योग बन रहा है. दांपत्य जीवन में यदि पहले कोई खटपट हुई थी तो वह अब धीरे-धीरे करके सुलझ सकती है. प्रेम संबंधों के लिए समय बहुत अच्छा है. ज्वर, सांस, सिर दर्द, कफ आदि से कुछ कष्ट हो सकता है. सौभाग्य में वृद्धि के लिए बेलपत्र एवं जल चढ़ाएं.
सिंहः
सप्ताह की शुरुआत में मंगल की चतुर्थ युति के कारण मन विचलित होगा. वाहन आदि चलाने में इस सप्ताह आप बहुत ज्यादा सावधान रहें. मन चंचल रहेगा. हर किसी पर शंका होगी लेकिन आप मन पर नियंत्रण रखने की कोशिश करें. घर-परिवार में भी आपके चिड़चिड़ेपन के कारण खटपट हो सकती है. माता की बीमारी या माता पक्ष से किसी की बीमारी के कारण आपका चिड़चिड़ापन और बढ़ सकता है. इसलिए मन को काबू में रखने के लिए आपको विशेष प्रयास करने होंगे. आप अंदर से बहुत हिम्मती हैं और आपको अपना वह कौशल दिखाना पड़ सकता है. सप्ताह के मध्य से स्थिति सुधरने लगेगी. कई चिंताएं दूर होंगी. मन को सुकून मिलेगा तो कहीं घूमने का कार्यक्रम बन सकता है. नौकरीपेशा लोगों की नौकरी में या जिम्मेदारियों में बदलाव हो सकता है. व्यापार के लिए समय अनुकूल है. धन का आगमन बढ़ेगा. विद्यार्थियों के लिए सप्ताह का मध्य कुछ प्रसन्नता भरी सूचना लेकर आएगा. सप्ताह के अंत में धन का आगमन थोड़ा रुकेगा तो मन खिन्न होगा. परिजनों या मित्रों के साथ किसी यात्रा पर जाने का कार्यक्रम सप्ताह के अंत में बन सकता है. आपको सतर्क करता हूं कि क्रोध का त्याग करें. आपके क्रोध के कारण पारिवारिक जीवन में संकट आएगा और बात बढ़ते-बढ़ते तलाक तक जा सकती है. मानसिक तनाव और उदर विकार हो सकता है. पीने के पानी को लेकर बहुत चौकन्ने रहें. भगवान सूर्य को प्रतिदिन जल दें और उनसे कष्टों का अंत करने की प्रार्थना करें.
कन्याः
यह सप्ताह आपके लिए सभी प्रकार से अनुकूल है. आपको हर क्षेत्र में लाभ होगा. आय के कई नए स्रोत बनते दिखाई पड़ेगे. आपको अपने परिश्रम और कौशल से उस मौके को ग्रहण कर लेना है. संतान पक्ष की उन्नति होने या उसकी ओर से कोई अच्छी सूचना मिलने से मन प्रसन्न होगा. सप्ताह के मध्य में आपको नए कार्य आरंभ करने का कोई प्रस्ताव मिल सकता है. इसे स्वीकार करें. आपके मान-सम्मान में वृद्धि होगी. पत्नी पक्ष से कोई धन प्राप्त हो सकता है या पत्नी के प्रयासों के कारण कोई धन हानि होते-होते रूक जाएगी. आप आशा से भरपूर रहेंगे. विद्यार्थियों के लिए सप्ताह बहुत अच्छे परिणाम वाला है. अपेक्षा के अनुरूप परिणाम मिलने वाले हैं. सप्ताह के अंत में धन का आगमन होगा. वैवाहिक संबंध मधुर रहेंगे. प्रेम संबंधों को लेकर आपमें उदासीनता रहेगी और इस कारण तनाव हो सकता है या आप अपनी जिद के कारण प्रेम करने वाले व्यक्ति को गंवा सकते हैं. इसका ध्यान रखें. मामा के पक्ष से कोई धन लाभ या अन्य लाभ प्राप्त होगा. पिता के स्वास्थ्य या तनाव के कारण आप थोड़े परेशान हो सकते हैं. सप्ताह के अंत में यात्रा का योग है. किसी पिकनिक या तीर्थस्थान पर घूमने का कार्यक्रम बन सकता है. पेट और सांस की तकलीफ हो सकती है. इसका ध्यान रखें.
शेष अगले पेज पर…
तुलाः
सूर्य की दृष्टि और चतुर्थ के चंद्रमा के होने से सप्ताह के आरंभ में कुछ मानसिक कष्ट होगा. मन में भटकाव या हर काम से मन उचटेगा. आपको सूझबूझ से काम लेना है और धैर्य बनाए रखना है. यह स्थिति अस्थाई है. सप्ताह के मध्य से इसमें सुधार होने लगेगा. मन का भटकाव दूर होगा. घर-परिवार में किसी मांगलिक कार्य की बात चलने लगेगी. कोई शुभ कार्य जैसे पूजा-पाठ आदि का आयोजन भी हो सकता है. वाहन प्राप्ति का योग है. यदि आप वाहन खरीदने का मन बना रहे थे तो उस दिशा में तेजी आएगी. घर-जमीन के कार्य में लाभ होगा. राजनीतिज्ञों के लिए समय अच्छा है. उनके प्रभुत्व में वृद्धि होगी. नौकरीपेशा लोगों को सीनियर का सहयोग मिलने से प्रभुत्व में वृद्धि हो सकती है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए समय काफी अच्छा है. व्यापार में आमदनी बढ़ेगी. नौकरी में ट्रांसफर आदि की सूचना भी मिल सकती है. सप्ताह के अंत में मन बहुत प्रसन्न रहेगा. रिश्तेदारों से मुलाकात होगी और सप्ताह का अंत उमंग में बीतेगा. वैवाहिक जीवन बहुत अच्छा गुजरेगा. पत्नी के पक्ष से मन प्रफुल्लित रहेगा. किसी मांगलिक कार्य में शामिल होंगे. विवाह के इच्छुक लोगों को विवाह के प्रस्ताव मिलेंगे और चट-मंगनी पट ब्याह जैसी स्थिति हो सकती है. सप्ताह के अंत में भी यात्रा का योग है. आपको धूप से बचना है. शरीर दर्द, जननेंद्रियों में परेशानी और एलर्जी की समस्या परेशान कर सकती है. शिवजी को दही मिश्री चढ़ावें तो सौभाग्य में वृद्धि होगी.
वृश्चिकः
बुध और मंगल की दृष्टि के कारण सप्ताह की शरुआत अच्छी रहेगी. अचानक कोई अच्छी सूचना मिल सकती है जिससे मन प्रसन्न होगा. अधिकारी पक्ष का सहयोग मिलने से कार्यों में तेजी आएगी. लेकिन सप्ताह के मध्य में कुछ विघ्न आएंगे. जो लोग आपको लंबे समय से सहयोग का वादा कर रहे थे वे अचानक मुकर सकते हैं. सप्ताह के मध्य खासतौर से बुधवार, गुरूवार को विशेष रूप से धैर्य रखें. यदि कोई साझा व्यापार करते हैं तो उसमें निवेश से इस सप्ताह में बचें. आपके अत्यंत निकटजनों के साथ विवाद हो सकता है. लेन-देन में सतर्क रहें, धन के डूबने की आशंका है. व्यापारिक यात्रा हो सकती है. विद्यार्थियों को विशेष रूप से संघर्ष करना पड़ सकता है. पत्नी के साथ मामूली बातों को लेकर शुरू हुआ मनमुटाव बड़े झगड़े का रूप ले सकता है और बात बहुत आगे पहुंच सकती है. कोर्ट-कचहरी के मामलों से बचें. राजनीतिज्ञों के लिए समय बहुत अच्छा है. वाहन न चलाएं. बंधु-बांधवों का सहयोग मिलने से तनाव से कुछ राहत होगी. नकारात्मक सोच का त्याग करें इसके कारण आपको कष्ट हो रहा है. सप्ताह के मध्य में कर्ज लेने की प्रवृति बढ़ेगी जो आपके लिए लाभगायक नहीं रहेगी. सप्ताह के अंत आते-आते स्थितियों में सुधार होने लगेगा. प्रेम संबंधों में तनाव आ सकता है. सप्ताह के अंत में मातृ सुख की प्राप्ति होगी. विवाह आदि की बात बड़ी गंभीरता से चल सकती है. जमीन-जायदाद आदि की खरीद की इच्छा पैदा होगी और कुछ सफलता भी मिल सकती है. चोट-चपेट से विशेष रूप से बचें. सप्ताह के अंत में कोई नई योजना बनेगी या कुछ नया कार्य आरंभ करने की दिशा में बढ़ सकते हैं. हनुमानजी की आराधना करें.
धनुः
मंगल के अष्टम और शुक्र के सप्तम के कारण पहले से चली आ रही किसी समस्या से निजात मिलने की संभावना बनेगी को मन को सुकून होगा. पत्नी के सहयोग के कारण कोई बड़ी समस्या से आप बाहर निकल आएंगे. कोर्ट-कचहरी के किसी पुराने झंझट से मुक्ति का भी योग हो सकता है. व्यापारी कुछ नए प्रोजेक्ट या व्यापार के विस्तार की योजना बना सकते हैं जो सफल रहेगा. सप्ताह के अंत में व्यापार में लाभ का योग है लेकिन निवेश के लिए समय शुभ नहीं है. बुधवार और गुरूवार को निवेश से बचें. साझेदारी का व्यापार करते हैं तो मित्र के साथ विवाद की आशंका है इसलिए निवेश को टालें. शत्रु पक्ष से सतर्क रहें. किसी व्यापारिक यात्रा का योग है किंतु किसी भी हालत में अकेले यात्रा न करें. सप्ताह के मध्य में आप अस्वस्थ हो सकते हैं. एडमिशन आदि की उम्मीद लगाए छात्रों के लिए शुभ संकेत मिलेंगे. सप्ताह के अंत में घर में कोई आयोजन हो सकता है या कोई पार्टी वगैरह हो सकती है. प्रेम का प्रस्ताव मिल सकता है. विवाह के इच्छुक लोगों को विवाह के रिश्ते आएंगे. विवाहित लोगों के लिए दांपत्य जीवन मधुर रहेगा. मूत्र रोग या किडनी संबंधी कोई परेशानी आ सकती है. पिता के पक्ष से कोई लाभ होगा. राजनीतिज्ञों के लिए समय थोड़ा सावधान रहने का है. कोई जोखिम न लें. शिवजी को जल एवं बेलपत्र चढ़ावें.
शेष अगले पेज पर…
मकरः
सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी. लाभ का योग बन रहा है. भाई-बंधु के कारण कोई लाभ होगा. शनि एवं गुरू की दृष्टि होने के कारण मन में बहुत अच्छे विचार आएंगे और आप किसी की मदद करके उसको संकट से उबारकर बहुत अच्छा महसूस करेंगे. किसी करीबीजन का आगमन हो सकता है या मुलाकात होने से मन प्रसन्न रहेगा. तीर्थस्थल पर जाने का कार्यक्रम बन सकता है. सप्ताह के मध्य में भी यात्रा का योग है. कुछ नए मित्र बनेंगे जो आपके भविष्य में बड़े सहयोगी होंगे. विवाह के इच्छुक लोगों को विवाह का रिश्ता आएगा. विद्यार्थियों के लिए भी समय अच्छा है. सफलता आपकी राह देख रही है समय को गंवाए नहीं. नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन की संभावना हो सकती है. व्यापार के लिए समय थोड़ा परेशानी का है. आपको कर्ज लेना पड़ सकता है. प्रेम संबंधों के लिए समय बहुत अच्छा है. विवाहित लोगों के लिए समय चुनौती भरा है. उनके संबंधों और धैर्य की परीक्षा होगी. आवेश में आकर भी तलाक की बात न करें अन्यथा बात वहां तक पहुंच जाएगी और फिर संभालना बड़ा मुश्किल हो जाएगा. पैर-घुटने में चोट लग सकती है या दर्द होगा. सप्ताह के अंत में मन चंचल होगा. किसी कार्य में दिल नहीं लगेगा फिर भी प्रयास जारी रखें क्योंकि किसी बड़े-बुजुर्ग का हस्तक्षेप होने से स्थितियां सुधरने वाली हैं. शिवजी को जल चढ़ावें और उनसे मानसिक पीड़ा से राहत दिलाने की प्रार्थना करें.
कुंभः
चंद्रमा के बारहवें भाव में होने से खर्च की अधिकता है. सप्ताह की शुरुआत में आय में थोड़ी कमी आ सकती है. आलस्य भी बहुत ज्यादा रहेगा. पत्नी के साथ मनमुटाव होगा और अनिद्रा की गंभीर शिकायत हो सकती है. हर काम से मन उचटेगा. सप्ताह के मध्य से स्थितियों में सुधार होने लगेगा. संतान पक्ष की ओर से कोई अच्छी सूचना मिल सकती है या संतान प्राप्ति की सूचना मिल सकती है. स्थितियों में सकारात्मक बदलाव आरंभ हो जाएगा. व्यापार-व्यवसाय के लिए समय अनुकूल है. साझेदारी के कारोबार में लाभ होगा. व्यापारिक यात्रा का योग है. यात्रा सुखद और लाभदायक साबित होगी. घर-परिवार में किसी मंगल कार्य की तैयारी हो सकती है. नौकरीपेशा लोगों को प्रमोशन की उम्मीद हो सकती है. व्यापार में कर्ज लेना पड़ सकता है. इसलिए सोच-विचार कर निर्णय लें. सप्ताह के मध्य में कई रूके हुए छोटे-काम पूर्ण होने से हौसला बढ़ेगा. विद्यार्थी थोड़ी चिंता में रहेंगे. धझैर्य रखें स्थितियां जल्द ही सुघरने वाली हैं. राजनीतिज्ञों को सप्ताह के अंत में विशेष रूप से सावधान रहने की जरूरत है. प्रेम संबंध टूट सकते हैं. विवाह के इच्छुक लोगों को विवाह के रिश्ते आएंगे. विवाहित लोगों को पत्नी का भरपूर सहयोग मिलने से कई लाभ होंगे. मन प्रसन्न रहेगा. पेट की बीमारी या डायबिटीज के कारण कुछ परेशानी हो सकती है. बजरंग बाण का नियमित पाठ करें.
मीनः
आपके लिए यह सप्ताह मिले-जुले फल वाला रहेगा. सप्ताह के आरंभ में आय में कमी और कार्यों में अड़चनें आने से मन थोड़ा खिन्न हो सकता है. आपके यश, मान-सम्मान में वृद्धि होगी. कार्यक्षेत्र में प्रभाव बढ़ेगा. नौकरीपेशा लोगों से दफ्तर में लोग प्रसन्न रहेंगे. आपको कोई नया कार्य आरंभ करने का प्रस्ताव मिल सकता है. आलस्य या उलझन में न पड़ें, उसे स्वीकार करें. उससे आगे चलकर आपके मान-सम्मान में वृद्धि होगी. किसी यात्रा का कार्यक्रम बन सकता है. विशेषकर तीर्थस्थानों पर जाने की इच्छा पैदा होगी. वाहन सुख है यानी यदि आदि खरीदने की योजना बना रहे थे, तो उसमें तेजी आएगी. माता के स्वास्थ्य से मन थोड़ा चिंतित हो सकता है. व्यापारी बंधु अपने व्यापार के विस्तार की योजना बना सकते हैं और इस उद्देश्य से यात्रा हो सकती है. पठन-पाठन से जुड़े लोगों के लिए समय अनुकूल है. उन्हें अपनी योग्यता और क्षमता प्रदर्शित करने का मौका मिलेगा. चोट-चपेट लगने की आशंका है इसलिए वाहन चलाते समय या यात्रा करते हुए सावघान रहें. स्वास्थ्य में थोड़ी परेशानी हो सकती है. सप्ताह के अंत में घूमने-फिरने का कार्यक्रम टाल लें तो अच्छा. विवाहित लोगों का दांरत्य जीवन बहुत सुखमय होगा. संतान सुख का योग है. यानी संतान प्राप्ति या संतान पक्ष से कोई सुखमय सूचना मिल सकती है. माता की सेवा का भरपूर अवसर मिलेगा. नौकरी में परिवर्तन या आवास में परिवर्तन का योग है. प्रेम संबंधों के लिए समय अच्छा है. अपने नौकरीपेशा लोग अपने वरिष्ठ अधिकारियों से सतर्क रहें. आपके प्रति उनके मन में किसी कारण द्वेष का भाव पैदा हो चुका है. जितना संभव हो वरिष्ठ अधिकारियों से दूरी बनाए रखें. पेट की परेशानी, सांस के रोग, शुगर या मोटापा बढ़ने की शिकायत हो सकती है. इसलिए खाने-पीने को लेकर विशेष सावधान रहें. ऊं नमो भगवते वासुदेवाय की एक माला जप करें. ऊं बृ बृहस्पत्यै नमः का जप जारी रखें.
प्रस्तुतकर्ताः
डॉ. नीरज त्रिवेदी, ज्योतिषाचार्य, पीएचडी
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय