चित्रगुप्त पूजा या दावात पूजा की सरलतम विधि, कथा, मंत्र व आरती
चित्रगुप्त पूजा (Chitragupta Pooja) को दावात पूजा (Dawat Pooja) भी कहा जाता है। यह पूजन मुख्य रूप से कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि यानी यम द्वितीया के दिन श्रद्धा के साथ की जाती है। कायस्थ जाति के वे लोग जिनकी आजीविका कलम, पठन-पाठन या बौद्धिक कार्यों से जुड़ी है, वे इस पर्व को विशेष विधान से मनाते हैं।
चित्रगुप्त पूजा के दिन धर्मराज के दरबार में प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले भगवान श्री चित्रगुप्त पूजा विधि-विधान से की जाती है।
इस लेख में आप चित्रगुप्त पूजा या दावात पूजा की तैयारी, पूजन विधि, संपूर्ण कथा, मंत्र और आरती की विस्तृत जानकारी प्राप्त करेंगे।

1. चित्रगुप्त पूजा (दावात पूजा) की तैयारी कैसे करें?
-
पूजन सामग्रियां: चित्रगुप्त पूजा के लिए कलम, दावात (मसिपात्र), पुस्तक, तथा पठन-पाठन से जुड़ी वस्तुएं जैसे पेंसिल, स्लेट, कॉपी-रजिस्टर और कागज अवश्य रखना चाहिए।
-
फल व प्रसाद: भगवान चित्रगुप्त को अर्पित करने के लिए पाँच प्रकार के मौसमी फल, मिष्ठान्न, मेवा, शक्कर और पंचामृत की तैयारी करें।
-
अन्य पूजन सामग्री: चंदन, हल्दी, रोली, कुमकुम, वस्त्र, अक्षत, दूर्वा, पुष्प, पान, सुपारी, इलायची, आम के पल्लव और हवन सामग्री पास रख लें।
-
चौकी की स्थापना: पूजा स्थान को अच्छी तरह साफ़ करके एक चौकी या पीढ़े पर स्वच्छ वस्त्र बिछाकर भगवान श्री चित्रगुप्तजी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें।
2. चित्रगुप्त पूजा की सरल एवं संपूर्ण विधि
चित्रगुप्त पूजा की शुरुआत गणेश वंदना और नवग्रह स्मरण से की जाती है:
-
गणेश आह्वान: सबसे पहले दीपक जलाकर श्रीगणेश जी का आह्वान करें और उन्हें पंचोपचार या उपलब्ध सामग्रियों से पूजित करें।
पंचोपचार का विधिवत वर्णन प्रभु शरणम् ऐप्प में दैनिक पूजन मंत्र कॉलम में देख सकते हैं।
भगवान गणेश को मुख्य रूप से चन्दन, हल्दी, रोली, अक्षत, दूर्वा घास,पुष्प व धूप अर्पित कर पूजा की जाती है जिसके मंत्र बहुत सरल हैं।
यदि पंचोपचार पूजन करने में असमर्थ हैं तो उपलब्ध पूजा सामग्रियों (कुमकुम, अक्षत, पुष्प, फल, मेवा आदि ) में से कुछ अंश सबसे पहले गणेशजी के नाम से समर्पित करें।
फिर एक माला “ऊं गं गणपत्यै नमः ” मंत्र की जप लें. गणेशजी से क्षमा प्रार्थना कर लें और पूजा आरंभ करने की अनुमति लें. विघ्ननाशक भगवान से पूजा की निर्बाध समाप्ति की प्रार्थना करें।
-
कलश स्थापना व मातृका पूजन: भगवान श्री चित्रगुप्त पूजा एवं धर्मराज के पूजन से पूर्व कलश स्थापना कर वरुण देवता का आह्वान करें। चित्रगुप्त पूजा में मां भगवती के शक्तिस्वरूप की पूजा अवश्य होती है इसलिए पास में ही मां दुर्गा की प्रतिमा या तस्वीर भी रखें और उनकी भी स्तुति अवश्य करें.
-
नवग्रह स्मरण: ईशान कोण में वेदी बनाकर नवग्रहों का स्मरण करें। यदि नवग्रह की विधिवत पूजा करने में असमर्थ हैं तो हाथ जोड़कर नीचे दिए गए नवग्रह मंत्र का पाठ कर लें.
नवग्रह मंत्र: ऊँ ब्रह्मामुरारि त्रिपुरान्तकारी भानु: शशि भूमि सुतो बुधश्च। गुरू च शुक्र: शनि राहु केतव: सर्वेग्रहा: शान्ति करा: भवन्तु।
नवग्रह मंत्र हिंदी अर्थ:
ब्रह्मा, विष्णु (मुरारि) और त्रिपुरासुर का वध करने वाले भगवान शिव; सूर्य (भानु), चंद्रमा (शशि), मंगल (भूमि सुत), बुध, गुरु (बृहस्पति), शुक्र, शनि, राहु और केतु—ये सभी नौ ग्रह हमारे लिए सुखद और शांतिदायक हों (अर्थात हम पर अपनी कृपा बनाए रखें और समस्त पीड़ाओं का नाश करें)।
मुख्य चित्रगुप्त पूजन एवं मंत्र अर्पण
पूजा और हवन सामग्री पर गंगाजल छिड़कते हुए इस मंत्र का उच्चारण करें:
नमस्तेस्तु चित्रगुप्ते, यमपुरी सुरपूजिते |
लेखनी-मसिपात्र, हस्ते, चित्रगुप्त नमोस्तुते ||हिंदी अर्थ:
यमराज की पुरी (यमलोक) में देवताओं द्वारा पूजित हे भगवान चित्रगुप्त! आपको हमारा नमस्कार है। जिनके हाथों में कलम (लेखनी) और दवात (मसिपात्र) शोभा पाती है, हे चित्रगुप्त भगवान! आपको बारंबार नमस्कार है।
यदि घर में शस्त्र हैं तो उनकी भी पूजा कर लेनी चाहिए. इसके बाद भगवान श्रीचित्रगुप्त का आवाहन करें-
इसके पश्चात भगवान श्री चित्रगुप्त का आह्वान, आसन, पाद्य, आचमन, स्नान, वस्त्र, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य और ताम्बूल-दक्षिणा अर्पित करें।
-
भगवान चित्रगुप्त का आह्वान मंत्र:
ॐ आगच्छ भगवन्देव स्थाने चात्र स्थिरौ भव |
यावत्पूजं करिष्यामि तावत्वं सान्निधौ भव|
ॐ भगवन्तं श्री चित्रगुप्त आवाहयामि स्थापयामि ||हिंदी अर्थ:
हे भगवान! हे देव! आप पधारिए और इस स्थान पर स्थिर रूप से विराजमान हो जाइए। जब तक मैं पूजा-अर्चना करूँ, तब तक आप यहीं मेरे समीप (सन्निधि में) उपस्थित रहें। हे भगवान श्री चित्रगुप्त! मैं आपका आह्वान करता हूँ और आपको इस आसन पर स्थापित करता हूँ।
-
आसन मंत्र:
ॐ इदमासनं समर्पयामि| भगवते चित्रगुप्त देवाय नमः ||
-
पाद्य मंत्र:
ॐ पादयोः पाद्यं समर्पयामि | भगवते चित्रगुप्त देवाय नमः||
-
आचमन मंत्र:
ॐ मुखे आचमनीयं समर्पयामि | भगवते चित्रगुप्ताय नमः ||
-
स्नान मंत्र:
ॐ स्नानार्तः जलं समर्पयामि | भगवते श्री चित्रगुप्ताय नमः ||
-
वस्त्र अर्पण मंत्र:
ॐ पवित्रो वस्त्रं समर्पयामि| भगवते श्री चित्रगुप्त देवाय नमः ||
-
पुष्प अर्पण मंत्र:
ॐ पुष्पमालां च समर्पयामि| भगवते श्री चित्रगुप्तदेवाय नमः ||
-
धूप मंत्र:
ॐ धूपं समर्पयामि| भगवते श्री चित्रगुप्तदेवाय नमः ||
-
दीप दर्शन मंत्र:
ॐ दीपं दर्शयामि| भगवते श्री चित्रगुप्त देवाय नमः
-
नैवेद्य मंत्र:
ॐ नैवेद्यं समर्पयामि| भगवते श्री चित्रगुप्त देवाय नमः ||
-
ताम्बूल-दक्षिणा मंत्र:
ॐ ताम्बूलं समर्पयामि| ॐ दक्षिणां समर्पयामि| भगवते श्री चित्रगुप्त देवाय नमः ||
4. कलम-दावात और लेखा-जोखा पूजन (विशेष विधान)
चित्रगुप्त पूजा के दौरान परिवार के सभी सदस्य अपनी किताबें, कलम और दवात को चित्रगुप्त जी के समक्ष रखकर उनकी पूजा करें।
-
एक श्वेत कागज पर चावल के आटे के घोल (एप्पन) और रोली से स्वस्तिक चिह्न बनाएं।
-
स्वस्तिक के नीचे पाँच देवी-देवताओं के नाम लिखें।
-
इसके ठीक नीचे लाल स्याही से भगवान श्री चित्रगुप्त का यह उपासना मंत्र लिखें:
भगवान चित्रगुप्त उपासना मंत्र:
मसीभाजन संयुक्तश्चरसि त्वम्! महीतले।
लेखनी कटिनी हस्त चित्रगुप्त नमोस्तुते||चित्रगुप्त ! नमस्तुभ्यं लेखक अक्षरदायकं |
कायस्थजातिमासाद्य चित्रगुप्त ! नमोस्तुते ||
मंत्र लिखने के बाद कागज पर अपना नाम, पता, दिनांक तथा दूसरी तरफ अपनी आय-व्यय का विवरण लिखकर हस्ताक्षर करें। अगले वर्ष की उन्नति की प्रार्थना के साथ इस कागज को पूजा स्थल पर रखें (जिसे बाद में जल में प्रवाहित किया जाता है)।
इसके बाद चित्रगुप्त पूजन कथा सुनें, हवन-आरती करें और प्रसाद ग्रहण करें।
5. भगवान श्री चित्रगुप्त पूजा कथा (संपूर्ण प्रसंग)

भीष्म पितामह ने पुलस्त्य मुनि से पूछा कि हे महामुनि संसार में कायस्थ नाम से विख्यात मनुष्य किस वंश में उत्पन्न हुए हैं तथा किस वर्ण में कहे जाते हैं, इसे मैं जानना चाहता हूँ. इस प्रकार के वचन कहकर भीष्म पितामह ने पुलस्त्य मुनि से इस पवित्र कथा को सुनने की इच्छा जाहिर की.
पुलस्त्य मुनि ने प्रसन्न होकर गंगा पुत्र भीष्म पितामह से कहा – हे गांगेय मैं कायस्थ उत्पत्ति की पवित्र कथा का वर्णन आपसे करता हूं. जो इस जगत का पालनकर्ता है वही फिर नाश करेगा उस अव्यक्त शांत पुरुष लोक-पितामह ब्रह्मा ने जिस तरह पूर्व में इस संसार की कल्पना की है वही वर्णन मैं कर रहा हूँ.
मुख से ब्राह्मण, बाहु से क्षत्रिय, जंघा से वैश्य, पैर से शूद्र, दो पांव, चार पांव वाले पशुओं से लेकर समस्त सर्पादि जीवों का एक ही समय में चन्द्रमा, सूर्य आदि ग्रहों को और बहुत से जीवों को उत्पन्न कर ब्रह्मा ने सूर्य के समान तेजस्वी ज्येष्ठ पुत्र को बुलाकर कहा- हे सुब्रत तुम यत्नपूर्वक इस जगत की रक्षा करो.
सृष्टि का पालन करने के लिए ज्येष्ठ पुत्र को आज्ञा देकर ब्रह्मा ने एकाग्रचित होकर दस हजार वर्ष की समाधि लगाई. अंत में विश्रांत चित्त हुए. उसके उपरांत ब्रह्मा के शरीर से बड़ी-बड़ी भुजाओं वाले श्यामवर्ण, कमलवत गर्दन, चक्रवत तेजस्वी, अति बुद्धिमान, हाथ में कलम-दवात लिए तेजस्वी, अतिसुन्दर विचित्रांग, स्थिर नेत्र वाले, एक पुरुष अव्यक्त जन्मा, जो ब्रम्हा के शरीर से उत्पन्न हुआ.
हे भीष्म! उस अव्यक्त पुरुष को नीचे से ऊपर तक देखने के बाद ब्रह्मा ने समाधि छोड़कर पूछा- हे पुरुषोत्तम! हमारे सामने स्थित आप कौन हैं?
ब्रह्मा का यह वचन सुनकर वह पुरुष बोला- हे विधे! में आप ही के शरीर से उत्पन्न हुआ हूं इसमें किंचित मात्र भी संदेह नहीं है. हे तात! अब आप मेरा नामकरण करें और मेरे योग्य कार्य भी कहिये.
यह वाक्य सुनकर ब्रह्माजी निज शरीर रज पुरुष से प्रसन्न मुद्रा से बोले- मेरे शरीर से तुम उत्पन्न हुए हो इससे तुम्हारी कायस्थ संज्ञा है। पृथ्वी पर चित्रगुप्त तुम्हारा नाम विख्यात होगा. हे वत्स धर्मराज की यमपुरी में धर्म-अधर्म विचार के लिए तुम्हारा निश्चित निवास होगा. हे पुत्र! अपने वर्ण में जो उचित धर्म है उसका विधिपूर्वक पालन करो और संतान उत्पन्न करो.
इस प्रकार ब्रह्मा जी भार युक्त वरदान देकर अंतर्ध्यान हो गए.
भगवान चित्रगुप्त का वंश विस्तारः
श्री पुलस्त्य मुनि ने आगे कहा- हे भीष्म! चित्रगुप्त से जो प्रजा उत्पन्न हुई है, उसका भी वर्णन करता हूँ, सुनिए.
चित्रगुप्त का प्रथम विवाह भगवान सूर्य के ज्येष्ठ पुत्र श्राद्धदेव मुनि की कन्या नंदिनी एरावती से हुआ.
इनसे चार पुत्र उत्पन्न हुए.
प्रथम भानु जिनका नाम धर्मध्वज है जिसने श्रीवास्तव कायस्थ वंश की वृद्धि की.
द्वितीय पुत्र विभानु जिनका नाम सूर्यध्वज भी है से कायस्थ कुल की सूरजध्वज शाखा चली
तृतीय पुत्र विश्वभानु हुए जिनसे वाल्मीकि कायस्थों की शाखा बढी.
चौथे वीर्यभानु हैं जिनकी संतानें अष्ठानी कायस्थ कहलाईं।
चित्रगुप्त जी का दूसरा विवाह सुशर्मा ऋषि की कन्या शोभावती से हुआ. इनसे आठ पुत्र हुए.
चारू चित्रगुप्त और शोभावती के ज्येष्ठ पुत्र थे. ये मथुरा में जाकर बसे और वंशवृद्धि की इसलिए इन्हें माथुर कहा गया.
सुचारु गौड़ देश या बंगाल की ओर गए, इनसे गौड़ शाखा चली
चित्रभानु ने भट नदी के किनारे जाकर तप किया और वंशवृद्धि की. इनसे भटनागर वंश चला
मतिमान जिनका नाम समदयालु भी है उनसे सक्सेना वंश चला.
हिमवान से संबंधित वंश अमरकंटक/कश्मीर के अंबास्थ क्षेत्र से जुड़े, जिनसे अम्बष्ठ शाखा बनी
चित्रचारू से निगम कायस्थ वंश चला
चित्रचरण की संतानें कर्ण कायस्थ कहलाईं और
अतीन्द्रिय की संतानें कुलश्रेष्ठ वंश की हैं.
हे भीष्म चित्रगुप्त से उत्पन्न सभी पुत्र सभी शास्त्रों में निपुण थे और धर्म-अधर्म को जानने वाले थे.
भगवान चित्रगुप्त का पुत्रों को आदेश
श्री चित्रगुप्त जी ने अपने सभी पुत्रों को परमपिता ब्रह्मा द्वारा सौंपे दायित्व के निर्वाह को भली-भांति समझाकर उन्हें पृथ्वी पर भेजा और धर्म साधना की शिक्षा दी. उन्होंने पुत्रों को आदेश दिया कि तुम्हें देवताओं का पूजन, पितरों का श्राद्ध-तर्पण, ब्राह्मणों का पालन-पोषण और अभ्यागतों की यत्नपूर्वक श्रद्धा कार्य करने हैं.
भगावन चित्रगुप्त बोले- हे पुत्र! तीनो लोकों के हित के लिए यत्नकर धर्म की कामना करके महर्षिमर्दिनी देवी का पूजन अवश्य करना जो प्रकृति स्वरूपा हैं और चण्ड मुण्ड का नाश करने वाली तथा समस्त सिद्धियों को देने वाली है. ऐसी देवी के लिए तुम सब उत्तम मिष्ठान आदि समर्पण करो जिससे देवी चण्डिका अन्य देवताओं की भांति तुमको भी सिद्धि प्रदान करने वाली हों. पृथ्वी जाकर मेरे आदेश का पालन करते धर्मनिष्ठ होकर वैष्णव धर्म का पालन करो.
सभी पुत्रों को आज्ञा देकर चित्रगुप्त स्वर्गलोक चले गए. स्वर्ग जाकर चित्रगुप्त धर्मराज के अधिकार में स्थित हुए.
इतनी कथा सुनाकर पुलस्त्य मुनि बोले हे- भीष्म इस प्रकार चित्रगुप्त की उत्पत्ति मैंने आपसे कही. अब मैं उन लोगों का विचित्र इतिहास और चित्रगुप्त का जैसा प्रभाव उत्पन्न हुआ सो भी कहता हूँ.
राजा सौदास की कथा और चित्रगुप्त पूजा का महात्म्य

नित्य पाप कर्म में रत पृथ्वी पर सौदास नामक राजा हुआ. उस पापी दुराचारी तथा धर्म-कर्म से रहित राजा ने जिस प्रकार स्वर्ग में जाकर पुण्य के फल का भोग किया वह कथा सुना रहा हूं.
राजनीति को नहीं जानते हुए राजा ने अपने राज्य में ढिंडोरा पिटवा दिया कि दान-धर्म, हवन, श्राद्ध-तर्पण, अतिथियों का सत्कार, जप-नियम तथा तप मेरे राज्य में कोई ना करे. देवी आदि की भक्ति में तत्पर वहां के निवासी ब्राम्हण लोग उसके राज्यों को छोड़ अन्य राज्यों में चले गये.
जो रह गये वे यज्ञ हवन श्रद्धा तथा तर्पण कभी नहीं करते थे. हे गंगापुत्र तबसे उसके राज्य में कोई भी यज्ञ हवन आदि पुण्य कर्म नहीं कर पाता था. उस समय पुण्य उस राज्य से ही बाहर हो गया था. ब्राम्हण तथा अन्य वर्ण के लोग नाश करने लगे. अब आपको उस दुष्ट राजा का कर्म फल सुनाता हूँ.
हे भीष्म! कार्तिक शुक्ल पक्ष की उत्तम तिथि द्वितीय को पवित्र होकर सभी कायस्थ चित्रगुप्त का पूजन करते थे. वे भक्तिभाव से परिपूर्ण होकर धूप-दीप आदि कर रहे थे. देवयोग से राजा सौदास भी घूमता हुआ वहां पहुंचा. कायस्थों को पूजन करता देखकर वह पूछने लगा यह किसका पूजन कर रहे हो.
तब वे लोग बोले कि राजन हम लोग चित्रगुप्त की शुभ पूजा कर रहे हैं. दैवयोग से यह सुनकर राजा सौदास के मन में पूजा ने कहा कि मैं भी चित्रगुप्त की पूजा करूँगा.
यह कहकर सौदास ने विधिपूर्वक स्नान आदि करके मन से चित्रगुप्त की पूजा की. इस भक्तियुक्त पूजा करने से उसी क्षण राजा सौदास पापरहित होकर स्वर्ग चला गया.
इस प्रकार चित्रगुप्त का प्रभावशाली इतिहास मैंने आपसे कहा. अब हे नृपश्रेष्ठ और क्या सुनने की आपकी इच्छा है?
यह सुनकर भीष्म पितामह ने महर्षि पुलस्त्य से कहा- हे मुनिवर जिस विधि से वहां उस राजा सौदास ने चित्रगुप्त का पूजन किया और जिसके प्रभाव से वह स्वर्ग लोक को चला गया, आप वह कहें.
श्रीपुलस्त्य जी बोले- हे भीष्म! चित्रगुप्त के पूजन की संपूर्ण विधि मैं आपसे कह रहा हूं. घृत से बने नैवेध, ऋतुफल, चन्दन, पुष्प, दीप तथा अनेक प्रकार के रेशमी और विचित्र वस्त्र से, शंख मृदंग, डिमडिम अनेक बाजे के साथ भक्तिभाव से पूजन करें.
एक नवीन कलश लाकर जल से परिपूर्ण करें. उस पर शक्कर भरा कटोरा रखें और यत्नपूर्वक पूजनकर ब्राह्मण को दान देवें.
पूजन का मंत्र इस प्रकार पढ़ें-
भगवान चित्रगुप्त उपासना मंत्र:
मसीभाजन संयुक्तश्चरसि त्वम्! महीतले।
लेखनी कटिनी हस्त चित्रगुप्त नमोस्तुते||चित्रगुप्त ! नमस्तुभ्यं लेखक अक्षरदायकं |
कायस्थजातिमासाद्य चित्रगुप्त ! नमोस्तुते ||
हिंदी अर्थः
दावात कलम और हाथ में खल्ली लेकर पृथ्वी पर विचरण करने वाले हे भगवान चित्रगुप्त! आपको हमारा बारंबार नमस्कार है।
लेखकों को अक्षर प्रदान करने वाले हे चित्रगुप्त आपको नमस्कार है! कायस्थ जाति में प्रकट होकर जीवों का पालन करने वाले हे भगवान चित्रगुप्त! हमारा कोटि-कोटि प्रणाम है।
पुलस्त्य बोले- हे भीष्म! इन मंत्रों से संकल्पपूर्वक चित्रगुप्त का पूजन करना चाहिए. इस प्रकार राजा सौदास ने भक्तिभाव से पूजन कर निजराज्य का शासन करता हुआ कुछ ही समय में मृत्यु को प्राप्त हुआ. यमदूत राजा सौदास को भयानक यमलोक में ले गए.
चित्रगुप्त ने यमराज से पूछा कि यह दुराचारी पाप कर्मरत सौदास राजा है जिसने अपनी प्रजा से पापकर्म करवाया है. इसके लिए कठोरतम दंड का विधान होना चाहिए.
इस प्रकार धर्मराज से पूछे जाने पर धर्माधर्म को जानने वाले महामुनि चित्रगुप्त जी ने हंसकर उस राजा के लिए धर्मयुक्त शुभ वचन कहा- हे धर्मराज, यह राजा यद्यपि पापकर्म करने वाला पृथ्वी में प्रसिद्ध है और मैं आपकी प्रसन्नता से पृथ्वी पर पूज्य हूं.
हे स्वामिन! आपने ही मुझे वह वर दिया है. आपका सदैव कल्याण हो. आपको नमस्कार है.
हे देव! आप भली-भांति जानते हैं और मेरी भी मति है कि यह राजा पापी है तब भी इस राजा ने भक्तिभाव से मेरी पूजा की है. इससे मैं इससे प्रसन्न हूं. हे इष्टदेव! इस कारण यह राजा बैकुंठ लोक को जाए.
चित्रगुप्त का यह वचन सुनकर यमराज ने राजा सौदास को बैकुंठ जाने की आज्ञा दी और राजा सौदास बैकुंठ लोक को चला गया.
श्री पुलस्त्य जी ने कहा- हे भीष्म! जो कोई सामान्य पुरुष या कायस्थ चित्रगुप्त की पूजा करेगा वह भी पाप से छूटकर परमगति को प्राप्त करेगा.
हे गांगेय! आप भी सर्वविधि से चित्रगुप्त की पूजा करिए. चित्रगुप्त की पूजा करने से हे राजेन्द्र! आप भी दुर्लभ लोक को प्राप्त करेंगे.
पुलस्त्य मुनि के वचन सुनकर भीष्म ने भक्ति मन से चित्रगुप्त की पूजा की.
चित्रगुप्त की दिव्य कथा को जो श्रेष्ठ मनुष्य भक्ति मन से सुनेगे वे मनुष्य समस्त व्याधियों से छूटकर दीर्घायु होंगे और मरने पर जहाँ तपस्वी लोग जाते हैं, ऐसे विष्णु लोक को जाएंगे.
श्री चित्रगुप्त महाराज की जय!!
भगवान श्री चित्रगुप्त जी की आरती
जय चित्रगुप्त यमेश तव, शरणागतम शरणागतम।
जय पूज्य पद पद्मेश तव, शरणागतम शरणागतम।।जय देव देव दयानिधे, जय दीनबन्धु कृपानिधे।
कर्मेश तव धर्मेश तव, शरणागतम शरणागतम।।जय चित्र अवतारी प्रभो, जय लेखनी धारी विभो।
जय श्याम तन चित्रेश तव, शरणागतम शरणागतम।।पुरुषादि भगवत अंश जय, कायस्थ कुल अवतंश जय।
जय शक्ति बुद्धि विशेष तव, शरणागतम शरणागतम।।जय विज्ञ मंत्री धर्म के, ज्ञाता शुभाशुभ कर्म के।
जय शांतिमय न्यायेश तव, शरणागतम शरणागतम।।तव नाथ नाम प्रताप से, छुट जायें भय त्रय ताप से।
हों दूर सर्व क्लेश तव, शरणागतम शरणागतम।।हों दीन अनुरागी हरि, चाहे दया दृष्टि तेरी।
कीजै कृपा करुणेश तव, शरणागतम शरणागतम।।।।इति।।
भगवान चित्रगुप्त पूजा की यह पोस्ट आपको कैसी लगी, अपने विचार जरूर लिखिएगा. हम ऐसी कथाएं देते रहते हैं. आप कुछ और पोस्ट भी नीचे लिंक से पढ़ सकते हैं.
ये भी पढ़ें-
दिवाली में लक्ष्मी पूजा: 21 सरल स्टेप्स वाली वैदिक विधि
मृत्यु के देवता ने क्यों दी बहन को अपने भाई को दीर्घायु करने की शक्ति
कंगाल बना देंगे आपको दूसरों के ये सात सामान
साधारण नहीं है प्रबोधिनी या देव उठनी एकादशी, इसे व्यर्थ न जाने दें.
चतुर्मास के बाद करें शालिग्राम तुलसी विवाह
विशेष निवेदन: सनातन धर्म के शास्त्र-आधारित ज्ञान और दैनिक पूजन-व्रत की संपूर्ण जानकारियों के लिए प्रभु शरणम् ऐप का उपयोग करें। यह ऐप बिल्कुल फ्री है और इसका आकार मात्र 5 एमबी है। इसमें आपको रामायण, पुराण कथाएं, पंचांग और सभी देवी-देवताओं के मंत्र एक ही जगह मिल जाएंगे।
👉 गूगल प्ले स्टोर में सर्च करें: PRABHU SHARNAM लिंक से डाउनलोड न हो तो प्लेस्टोर में सर्च करें- PRABHU SHARNAM
हम ऐसी कहानियां देते रहते हैं. Facebook Page Like करने से ये कहानियां आप तक हमेशा पहुंचती रहेंगी और आपका आशीर्वाद भी हमें प्राप्त होगा:
Please Like Prabhu Sharnam Facebook Page
धार्मिक चर्चा करने व भाग लेने के लिए कृपया प्रभु शरणम् Facebook Group Join करिए:
Please Join Prabhu Sharnam Facebook Group
भगवान श्रीचित्रगुप्त जी की पूजन विधि का संक्षिप्त एवं सरल प्रस्तुतिकरण अत्यंत सराहनीय है । विदेश एवं महानगरों में रहने वाले कायस्थ बंधुओं के लिए बहुत उपयोगी है। मेरी बेटी-दामाद इंग्लैण्ड में रहते है, उन्हें यह लिंक शेयर कर दिया है, ताकि पूजा के दौरान आसानी हो। अपने संबंधियों और पहचान वाले अन्य ग्रुप में भी लिंक शेयर किया हूँ।
आपका हृदय से आभार. सनातन ज्ञान के प्रसार कार्य में आपका सहयोग प्रशंसनीय है.
Sundar,bahut sundar,Ati sundar
आपका हृदय से आभार