छठ पूजा: प्रकृति, सूर्य और लोक-आस्था का महापर्व, छठ की प्रचलित कथाएं
- by Prabhu Sharnam
- November 15, 2026
- 1 Mins
छठ महापर्व: प्रकृति पूजन की अद्भुत परंपरा
छठ पूजा मुख्य रूप से सूर्य की उपासना का महापर्व है। इस पावन पर्व से जुड़ी छठ पूजा कथा और लोक-आस्था की परंपराएँ बहुत प्राचीन हैं। इसका नाम ‘सूर्य षष्ठी’ है, परंतु स्थानीय भाषा में इसे ‘छठ’ कहा जाने लगा। षष्ठी देवी को सूर्य की बहन भी माना गया है।
छठ पर्व की विशेषताएँ
छठ पर्व में कई ऐसी विशेष बातें हैं, जो इसे अन्य पर्वों से अलग और अनूठा बनाती हैं।
-
प्रकृति की पूजा: सूर्य प्रत्यक्ष देवता हैं और नदियाँ प्रत्यक्ष देवियाँ। जल में खड़े होकर सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है।
-
सामाजिक समरसता: जाति और वर्ग का भेदभाव भूलकर सभी लोग एक साथ घाट पर पूजा करते हैं।
-
पारंपरिक योगदान: सूप बनाने वाली डोम जाति और माली समुदाय के योगदान को छठ गीतों में विशेष स्थान मिलता है।
छठ व्रत के चार दिन और नियम

-
पहला दिन (कद्दू भात): एकाहारी होकर कद्दू या लौकी की सब्जी और भात खाकर शरीर को आगामी कठिन व्रत के लिए तैयार किया जाता है।
-
दूसरा दिन (खरना): व्रती शाम को चावल और गुड़ से बनी खीर का प्रसाद ग्रहण करते हैं, जिसके बाद छत्तीस घंटों का निर्जला उपवास शुरू होता है।
-
संध्या अर्घ्य: व्रती पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं।
-
सुबह का अर्घ्य: उगते सूर्य को प्रणाम करने के साथ चार दिवसीय पर्व का समापन होता है।
छठ की कथाएँ
ऐसी अनेक कथाएँ हैं, जिन्होंने इस प्रकृति-पूजन की व्रत-परंपरा और महिमा को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाई है। आइए जानते हैं छठ की कथा से जुड़े प्रमुख प्रसंग।
1. राजा प्रियंवद और रानी मालिनी की कथा
राजा प्रियंवद और उनकी पत्नी मालिनी की कोई संतान नहीं थी। संतान प्राप्ति की कामना से उन्होंने महर्षि कश्यप को पुरोहित बनाकर एक विशेष यज्ञ किया। यज्ञ की आहुति के लिए निर्मित खीर महर्षि ने रानी मालिनी को दी, जिसके प्रभाव से उन्हें पुत्र की प्राप्ति हुई। परंतु वह बालक मृत अवस्था में पैदा हुआ।
पुत्र-वियोग से व्यथित होकर राजा प्रियंवद मृत शिशु को लेकर श्मशान गए। शव को देखकर वे अपनी भावनाओं पर नियंत्रण नहीं रख पाए और अपने प्राण त्यागने का प्रयास करने लगे। प्रियंवद बड़े प्रजापालक थे। ऐसे राजा को असमय मृत्यु के लिए प्रयासरत देखकर भगवान की मानस-पुत्री देवसेना दिव्य योग से वहाँ प्रकट हुईं। देवसेना को भगवान सूर्य की बहन भी माना जाता है।
उन्होंने राजा से कहा—
“मैं सृष्टि की मूल प्रवृत्ति के छठे अंश से उत्पन्न हुई हूँ, इसलिए मुझे षष्ठी कहा जाता है। हे राजन्! तुम्हें संतान की प्राप्ति होगी। तुम प्रकृति-पूजक बने रहो और प्रजा को प्रकृति की पूजा के लिए प्रेरित करो। प्रकृति की दिव्य औषधियों के प्रभाव से तुम्हारी पत्नी को स्वस्थ संतान की प्राप्ति होगी।”
जिस दिन देवी देवसेना ने उन्हें विभिन्न औषधियों आदि का ज्ञान दिया और प्रकृति-पूजा का आदेश दिया, वह कार्तिक शुक्ल षष्ठी का दिन था। देवी के आदेशानुसार राजा और रानी ने सभी प्रयोग किए और उन्हें उत्तम संतान की प्राप्ति हुई। राजा-रानी से प्रेरित होकर उनकी प्रजा ने भी षष्ठी देवी का पूजन शुरू किया। कालांतर में षष्ठी देवी को छठी देवी, छठी माता कहा जाने लगा और छठ पूजा की शुरुआत हुई।
2. भगवान श्रीराम और माता सीता की सूर्य-आराधना
एक अन्य प्रचलित कथा के अनुसार, जब लंका-युद्ध लंबा खिंचने लगा तो भगवान राम ने महर्षि अगस्त्य से रावण के शीघ्र अंत के लिए उपाय पूछा। अगस्त्य ने उन्हें सूर्य की आराधना करके उनकी सहायता लेने को कहा। भगवान राम ने आदित्य हृदय स्तोत्र से भगवान सूर्य की आराधना की थी।
रावण पर विजय प्राप्त करने के पश्चात अयोध्या में रामराज्य की स्थापना के पावन अवसर पर भगवान श्रीराम और माता सीता ने सूर्यदेव की प्रसन्नता के लिए व्रत रखा था। कार्तिक शुक्ल षष्ठी तिथि के दिन दोनों ने सूर्यदेव की उपासना की और निर्जला व्रत रखा। इसके उपरांत सप्तमी तिथि को सूर्योदय के समय पुनः अनुष्ठान संपन्न कर भगवान सूर्य से आशीर्वाद प्राप्त किया।
3. सूर्यपुत्र दानवीर कर्ण और जल में खड़े होकर अर्घ्य देने की परंपरा
महाभारत काल से भी छठ पूजा का सीधा संबंध जोड़ा जाता है। मान्यता है कि सूर्य-उपासना की शुरुआत सूर्यपुत्र कर्ण ने की थी। कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे और वे प्रतिदिन घंटों तक नदी या जलाशय के कमर तक गहरे पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते थे।
सूर्यदेव की असीम कृपा से ही कर्ण अद्वितीय योद्धा बने। आज भी छठ महापर्व में जलाशयों में खड़े होकर अर्घ्य देने की जो परंपरा प्रचलित है, उसका मूल दानवीर कर्ण की इसी साधना में निहित माना जाता है।
4. छठ पूजा की प्रचलित लोककथा और द्रौपदी का व्रत
जनमेजय ने वैशम्पायन से अपने पूर्वज पांडवों के वनवास काल के बारे में जानना चाहा। उन्होंने पूछा कि दुर्योधन आदि द्वारा कपटरूप जुए से परास्त पांडव वनवास के लिए जंगल गए तो वहाँ जाकर उन्होंने क्या किया?
वैशम्पायन जी ने बताया—
“हे जनमेजय! राजा पांडु के पुत्र पांडव एक समय वनवास में दुःख और चिंता से अत्यंत व्याकुल हो गए। वन के फल-फूल खाकर वे भूमि पर सोते थे। केले और भोजपत्र के वस्त्र पहनकर उन्होंने दुःख से दिन काटने लगे। राजसुख भोगने वाली पतिव्रता द्रौपदी भी अपने धर्म का निर्वाह कर रही थी।”
जिस स्थान पर द्रौपदी सहित पांडव थे, वहाँ ब्रह्मवेत्ता तपस्वी अट्ठासी हजार मुनि पहुँचे। ऋषियों को आए देखकर महाराज युधिष्ठिर अत्यंत चिंतित हो उठे कि इन महात्माओं के भोजन के लिए क्या प्रबंध करें? जब युधिष्ठिर को यह चिंता हुई कि भोजनार्थ क्या उद्योग करें, तो मुख को चेष्टामलिन किए स्वामी युधिष्ठिर को देखकर द्रौपदी अत्यंत दुःख से व्याकुल हो गई।
उसी क्षण उन्होंने अपने पुरोहित महाराज धौम्य को पवित्र आसन पर बैठाकर प्रदक्षिणापूर्वक नमस्कार किया। नेत्रों में आँसू भरकर कुलधर्म-रक्षक द्रौपदी ने प्रेमपूर्वक कहा—
“हे मुनिवर धौम्य! हे महाभाग! इन दुःखित पांडुपुत्रों को देखिए। हे स्वामिन्! इनके दुःख को देखकर क्या आपका हृदय दुखी नहीं होता? मुझे कोई व्रत कहिए, जिससे इनके दुखों का अंत हो और इनका क्लेश शांत हो। थोड़े ही उपाय से प्रत्यक्ष महापुण्य देने वाला व्रत कहिए, जिससे हमारे स्वामी पृथ्वीतल में सुखी हों। जिससे शत्रु का नाश हो, निज राज्यलक्ष्मी वापस मिले और इस समय हमारे यहाँ आए ब्राह्मणों को दुग्धपान मिल जाए। हे महाभाग! हे महाविभो! ऐसा कोई उपाय वर्णन कीजिए।”
द्रौपदी के ये वचन सुनकर वैशम्पायन जी ने जनमेजय से कहा—
“ब्राह्मणों में श्रेष्ठ महाराज धौम्य जी प्रसन्न होकर मुहूर्तभर ध्यानस्थ होकर द्रौपदी से बोले—हे पांचालपुत्रि! मैं तुम्हें एक उत्तम व्रत का महिमा सुनाता हूँ, जिस व्रत को पूर्वकाल में नागकन्या के उपदेश से सुकन्या ने किया था। हे महाभागे! तुम स्त्रियों के साथ अनेक विघ्नों को शांत करने वाले रविषष्ठी व्रत को करो।”
द्रौपदी बोली—
“हे विप्रवर! वह कौन-सा व्रत है और उसकी विधि क्या है? इस व्रत में किसका पूजन किया जाता है? वह नागकन्या कौन थी और उसने किस हेतु यह उत्तम व्रत किया था? वह सुकन्या कौन थी, जिसने अत्यंत आश्चर्यरूपी व्रत किया? हे शरणागतवत्सल! मेरे इस संशय का निवारण कीजिए।”
सुकन्या और च्यवन मुनि की कथा
इस प्रकार द्रौपदी के प्रश्न सुनकर धौम्य जी बोले—
“हे देवी! सत्ययुग में शर्याति नामक एक राजा थे, जिनकी एक हजार स्त्रियाँ थीं, परंतु उनसे केवल एक ही कन्या उत्पन्न हुई थी। उस राजा की कन्या को छोड़कर दूसरी संतान न होने के कारण वह कन्या अत्यंत प्रिय थी। वह पिता के घर में बड़ी होने लगी।”
कुछ समय बाद वह कन्या चंद्रवत् मुख, कमलवत् नेत्र और कुम्भस्तनी होती हुई युवावस्था को प्राप्त हुई। बाल्यावस्था से ही वह कन्या पिता को प्राण के समान प्रिय थी। इस पृथ्वीलोक में उसके समान दूसरी कोई कन्या नहीं देखी गई थी। इसीलिए उसका नाम सुकन्या पड़ा।
एक समय राजा शर्याति शिकार के लिए सेना, योद्धाओं और पुरोहित को साथ लेकर घोर वन में गए। शिकार खेलने के निमित्त राजा को वन में वास करते हुए दस दिन व्यतीत हो गए। राजा शर्याति दिन में शिकार खेलते और रात्रि में स्त्रियों के साथ विलास करते हुए वन में रहने लगे।
एक समय सखियों के साथ सुकन्या फूल लेने के लिए वन में गई। वहाँ च्यवन मुनि का स्थान था। सुकन्या ने मुनि की देह पर दीमक लगी देखी। फिर उसने देखा कि मिट्टी के मध्य मुनि के दोनों नेत्र जुगनु की भाँति चमक रहे हैं। वह विस्मित हो उठी और उसने उनकी दोनों आँखों को फोड़ दिया। तब मुनि के नेत्रों से रुधिर की धारा बहने लगी। चकोराक्षी सुकन्या फूलों को लेकर सखियों के साथ गृह को चली आई।
च्यवन मुनि के नेत्र सुकन्या द्वारा फोड़े जाने से राजा और सेना का मल-मूत्र आदि सब बंद हो गया। सभी हाहाकार करने लगे। जब तीन दिन और तीन रात्रि व्यतीत हो गई, तो व्याकुल होकर राजा ने अपने पुरोहित से पूछा—
“हे मुनिश्रेष्ठ! किस हेतु हमारा मल-मूत्र बंद हो गया है? आप दिव्य दृष्टि से देखकर कहिए।”
पुरोहित जी बोले—
“हे राजन्! भार्गववंशी च्यवन नामक एक ऋषि इसी वन में घोर तपस्या कर रहे हैं। उनके शरीर में दीमक लगकर मांस खा गया है और हड्डी मात्र मिट्टी से लिपटी है। हे राजन्! आपकी कन्या ने अज्ञानतावश उन महाराज के दोनों नेत्र काँटों से फोड़ दिए हैं, जिससे रुधिर बह रहा है। उन्हीं के क्रोध से यह कष्ट उपस्थित हुआ है। अतः हे राजन्! आप उनको प्रसन्न कीजिए और अपनी कन्या उन्हें दे दीजिए। कन्या-दान से यह मुनि च्यवन जी प्रसन्न हो जाएँगे।”
पुरोहित के वचन सुनकर राजा शर्याति सुकन्या को साथ लेकर ऋषि के पास गए। जल छोड़ने पर हड्डीमात्र के दर्शन हुए। नेत्रहीन ऋषि को देखकर राजा बोले—
“हे प्रभो! मेरी कन्या से अनजाने में यह अपराध हुआ है, जिससे आपके ये नेत्र फूट गए हैं। हे मुनिवर्य! आपकी सेवा के हेतु हम अपनी कन्या आपको देते हैं, जिसमें आपको कष्ट न हो।”
राजा के वचन सुनकर ऋषि जी अत्यंत प्रसन्न हुए। उसी समय राजा शर्याति ने सुकन्या को ऋषि के लिए दान कर दिया। राजा से कन्या पाकर मुनि अत्यंत प्रसन्न हुए और उनका क्रोध शांत हो गया। तब राजा को मल-मूत्र हुआ और सेना सहित प्रसन्नचित्त राजा अपने देश को चला गया। वह सुकन्या नेत्रहीन च्यवन जी की सेवा करने लगी।
रविषष्ठी व्रत का अनुष्ठान और फल
वह सुकन्या कार्तिक मास में एक दिन जल के हेतु पुष्करिणी में गई। वहाँ उसने अनेक आभूषणों से युक्त नागकन्या को देखा। श्री कश्यप जी के यज्ञमंडप में सूर्य भगवान् का पूजन करती हुई नागकन्या को देखकर सुकन्या धीरे-धीरे पास जाकर पूछती है—
“हे महाभागे! आप क्या करती हैं? किस कारण यहाँ आई हैं?”
सुकन्या के इस वचन को सुनकर नागकन्या बोली—
“हे साध्वि! मैं नागकन्या हूँ। व्रत धारण करके कश्यप जी के पूजनार्थ यहाँ आई हूँ।”
सुकन्या बोली—
“इस व्रत और पूजा का क्या प्रभाव है? इसका क्या फल है? इस पूजा की विधि क्या है? किस मास और किस तिथि को यह उत्तम व्रत किया जाता है?”
नागकन्या ने कहा—
“कार्तिक शुक्ल षष्ठी को, सप्तमी युक्त होने पर, सर्वमनोरथ-सिद्धि के लिए यह व्रत किया जाता है। व्रती को चाहिए कि पंचमी के दिन नियम से व्रत धारण करे। सायंकाल में खीर का भोजन करके पृथ्वी पर सोए। षष्ठी के दिन व्रत रखे। दिन में चार रंगों से सुशोभित मंडप में सूर्यनारायण का पूजन करे और रात्रि में जागरण करे। अनेक प्रकार के फल और पकवान आदि का नैवेद्य तथा सूर्यनारायण की प्रीति के लिए गीत-वाद्य आदि से गा-बजाकर उत्सव मनाए।”
“जब तक सूर्यनारायण का दर्शन न हो, तब तक व्रत धारण करती रहे। प्रातःकाल सप्तमी को सूर्यनारायण के दर्शन करके अर्घ्य दे। दूध, नारियल, कदलीफल, पुष्प और चंदन से बारह नाम सूर्य के हैं। उन्हीं नामों का उच्चारण करते हुए और प्रत्येक नाम से दंडवत्-प्रणाम करते हुए अर्घ्य दे। जगत् के सविता, जगत् के नेत्र, जगत् के उत्पत्ति-पालन-नाश के हेतु, त्रिगुणरूप, त्रिगुणात्मा, ब्रह्मा, विष्णु और शिवरूप सूर्यनारायण को नमस्कार।”
“इस प्रकार इस व्रत को करने से सूर्यनारायण महाघोर कष्ट को दूर करके मनोवांछित फल देते हैं। हे सुव्रते! हमने तुमसे यह रविषष्ठी व्रत कहा है।”
श्री धौम्य जी ने कहा—
“हे द्रौपदी! नागकन्या के इस वचन को सुनकर सुकन्या ने यह उत्तम व्रत किया। इसी व्रत के प्रभाव से च्यवन महाराज के नेत्र पुनः पूर्ववत् हो गए। ऋषि सुख भोगने लगे। इससे हे पांचालनन्दिनी! तुम भी यह उत्तम व्रत करो। इसी व्रत के प्रभाव से तुम्हारे पति पुनः राज्यलक्ष्मी को पाएँगे और निःसंदेह तुम्हारा कल्याण होगा।”
कंगाल बना देंगे आपको दूसरों के ये सात सामान
साधारण नहीं है प्रबोधिनी या देव उठनी एकादशी, इसे व्यर्थ न जाने दें.
चतुर्मास के बाद करें शालिग्राम तुलसी विवाह
विशेष निवेदन: सनातन धर्म के शास्त्र-आधारित ज्ञान और दैनिक पूजन-व्रत की संपूर्ण जानकारियों के लिए प्रभु शरणम् ऐप का उपयोग करें। यह ऐप बिल्कुल फ्री है और इसका आकार मात्र 5 एमबी है। इसमें आपको रामायण, पुराण कथाएं, पंचांग और सभी देवी-देवताओं के मंत्र एक ही जगह मिल जाएंगे।
👉 गूगल प्ले स्टोर में सर्च करें: PRABHU SHARNAM लिंक से डाउनलोड न हो तो प्लेस्टोर में सर्च करें- PRABHU SHARNAM
हम ऐसी कहानियां देते रहते हैं. Facebook Page Like करने से ये कहानियां आप तक हमेशा पहुंचती रहेंगी और आपका आशीर्वाद भी हमें प्राप्त होगा:
Please Like Prabhu Sharnam Facebook Page
धार्मिक चर्चा करने व भाग लेने के लिए कृपया प्रभु शरणम् Facebook Group Join करिए:
Please Join Prabhu Sharnam Facebook Group